ओएफके में सुरक्षा विभाग में पदस्थ महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास : चार्जमैन पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- आए दिन करता है प्रताडि़त

जबलपुर, यशभारत। आयुध निर्माणी खमरिया के सुरक्षा विभाग में पदस्थ एक महिला कर्मचारी ने गेट नंबर एक के सामने वृक्ष पर चढ़कर फांसी लगाने की प्रयास किया।आते जाते कर्मचारियों की नजर पडऩे पर उसे किसी तरह से रोका गया।महिला कर्मी का आरोप है कि सुरक्षा विभाग के विभाग प्रमुख एवं एक चार्जमैन द्वारा आये दिन प्रताडि़त किया जाता है।दूसरी ओर सुरक्षा विभाग के सूत्रों का कहना है कि महिला आदतन शराबी है।आज सुबह भी वह नशे में थी।उसे डाक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वासरमेन पर पदस्थ महिला को सुरक्षा विभाग में महिला कर्मचारियों की चेकिंग के लिए रखा गया है।बताया जाता है कि सुरक्षा विभाग में पदस्थ एक चार्जमेन जो पूर्व में भी शराब के नशे में ड्यूटी पर भी न रहते हुए डीएससी जवान से उलझ गए थे उससे और सुरक्षा विभाग के प्रमुख से महिला प्रताडि़त थी।जिसके चलते महिला कर्मी ने उक्त कदम उठाया।बहरहाल सुबह हुई इस घटना की निर्माणी में तरह तरह की चर्चा है।महिला कर्मी को एम एल सी के लिए भेज दिया है। इस संबंध में पीआरओ ने कहा कि संबंधित विभाग से जानकारी ली जा रही है।






