एमपीईबी : 47 करोड़ का टारगेट 42 करोड़ वसूल, 1 दिन में विद्युत विभाग करेगा 5 करोड़ की वसूली

जबलपुर, यश भारत l विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही साथ वसूली को लेकर असमंजस में है वित्तीय वर्ष को समाप्त होने में अब केवल एक ही दिन शेष है ऐसे में फिलहाल सिटी सर्किल में टारगेट के मुकाबले करीब 5 करोड रुपए की वसूली और की जानी है जिसको चलते विभागीय अधिकारी मैदान में हैl
पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत सिटी सर्किल जबलपुर के बकायादारों से वसूली के लिए अधिकारियों को टारगेट दिए गए l फील्ड अधिकारियों को मार्च माह के पूर्व बकाया राशि को जमा कराया जाना है, खास बात यह है कि विद्युत विभाग अपने टारगेट के बहुत नजदीक पहुंच चुका हैl
जानकारी के अनुसार सिटी में करीब 47 करोड़ की वसूली का टारगेट अधिकारियों को दिया गया है। सर्किल के अंतर्गत करीब 42 करोड़ की वसूली अधिकारियों द्वारा की जा चुकी है। इस प्रकार अभी टारगेट के मुकाबले करीब 5करोड़ की और वसूली की जानी है। बताया जाता है कि फील्ड अधिकारियों को बिल की बकाया राशि 31 मार्च से पहले वसूलनी है। इसके लिए पूरा अमला जुटा हुआ है। बिल वसूली के लिए सभी अधिकारियों को अलग-अलग टारगेट दिया गया है। वसूली अधिकारियों द्वारा छुट्टी के दिनों को छोड़ कर बाकी दिनों में बड़े बकायादारों से वसूली की भी की जाती रही है। डिमांड राशि उपभोक्ताओं द्वारा गत माह जलाई गई बिजली बिल की राशि होती है जबकि टारगेट में पुरानी बकाया राशि भी जुड़ी होती है।
सबसे अधिक वसूली यहाँ
बताया जाता है कि सिटी सर्किल के पाँच संभागों में से सबसे अधिक वसूली दक्षिण संभाग से की गई है, जबकि सबसे कम पूर्व संभाग से है। बताया जाता है कि पाँच संभागों में से दक्षिण संभाग से 9.6 करोड़ रुपए, पश्चिम संभाग से 9.1 करोड़ रुपए, उत्तर संभाग से 7.8 करोड़ रुपए, विजय नगर संभाग से 7.4 करोड़ रुपए तथा पूर्व संभाग से करीब 5 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली अधिकारियों द्वारा की गई है।
इन्होंने कहा…..
बिजली बिल की वसूली के लिए सभी अधिकारियों को बाकायदा टारगेट दिए गए थे सभी अधिकारियों ने टारगेट के अनुरूप कार्य किया जिसके चलते 42 करोड रुपए की वसूली सिटी में हो चुकी है शेष वसूली का प्रयास जारी है।
– संजय अरोरा, अधीक्षण अभियंता सिटी सर्किल