
एकतरफा प्यार में सनकी ने लड़की के घर में घुसकर उसकी मां और भाई को गोली मार दी। घटना आजाद नगर की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह कह रहा है कि गर्लफ्रेंड की बेवफाई की वजह से उसने यह काम किया है।
वीडियो में आरोपी ने कहा है- युवती और वह मोहब्बत करते हैं। युवती कुछ समय बाद परिवार के दबाव में बदल गई। उसके मामा पुलिस में हैं। वह उसे परेशान करते हैं। युवती के परिजन भी उसे लंबे समय से धमकी दे रहे हैं। शिकायत उसने शनिवार को आजाद नगर थाने पर जाकर की, लेकिन थाने पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद ही उसने यह कदम उठाया।
CSP मोतीउर रहमान ने बताया कि मूसाखेड़ी के श्रीकृष्ण नगर के रहने वाले 24 साल के संतोष आवासीया ने यहीं की रहने वाली युवती के परिवार पर देसी कट्टे से फायर किया। घटना शनिवार दोपहर की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवती की शादी तय होने पर आया गुस्सा
युवती के परिवार का कहना है कि नवंबर में बेटी की शादी होना है। घर में तैयारियां चल रहीं हैं। इसकी जानकारी आरोपी संतोष को हुई तो वह दोपहर 3 बजे घर आया। युवती का भाई कमरे में सो रहा था। आरोपी को देख युवती की मां उससे बात करने आई तो वह बहस करने लगा। भाई जागकर आया तो संतोष ने पहला फायर उस पर किया, दूसरा उसकी मां पर। इसके बाद वह भाग गया। युवती की मां के कंधे में तो भाई के चेहरे पर छर्रे लगे हैं।