उत्तर प्रदेश की धान लेकर बालाघाट जा रहा ट्रक कटनी में जब्त, नेशनल हाइवे रोड पर कृषि उपज मंडी की बड़ी कार्रवाई

– कटनी, यश भारत। कैलवारा नेशनल हाइवे पर कृषि उपज मंडी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से धान लेकर जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। जांच में सामने आया कि यह ट्रक कटनी के रास्ते कटंगी, बालाघाट की ओर जा रहा था, लेकिन इसके आवश्यक मंडी शुल्क के दस्तावेज अधूरे पाए गए। कृषि उपज मंडी सचिव किशोर नरगावरे ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की धान से लदी एक ट्रक बिना मंडी शुल्क अदा किए नेशनल हाइवे से होकर बाहर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर मंडी सचिव व कर्मचारियों ने कैलवारा नेशनल हाइवे पर ट्रक क्रमांक UP70 FT 8610 को रोककर जांच की। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में धान पाया गया। दस्तावेजों की पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि ट्रक बिना मंडी शुल्क जमा किए कटंगी, बालाघाट जा रहा था। इसके बाद नियमानुसार 41 हजार 694 रुपए मंडी शुल्क वसूल कर ट्रक को आगे जाने की अनुमति दी गई। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना शुल्क और नियमों के विपरीत कृषि उपज के परिवहन पर ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।







