सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के देवरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दोस्ती के कत्ल और विश्वासघात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला उजागर हुआ है। एक युवक ने अपनी प्रेमिका को पाने की जिद में अपने ही जिगरी दोस्त की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने राज छिपाने के लिए दोस्त के शव को सेप्टिक टैंक में ठिकाने लगाया और मृतक की पत्नी को गुमराह करते हुए उसे खोजने के बहाने अहमदाबाद ले गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
शराब के नशे में हत्या, फिर टैंक में दफन किया राज
पुलिस के अनुसार, आरोपी शोएब का अपने दोस्त प्रिंस वाल्मीकि की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रिंस को अपने रास्ते से हटाने के लिए शोएब ने खौफनाक साजिश रची। उसने प्रिंस को शराब पीने के बहाने बुलाया और नशे की हालत में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शोएब की लाश को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और उसे ऊपर से ढंक दिया ताकि किसी को बदबू न आए और हत्या का राज दफन रहे।
पत्नी को गुमराह कर ले गया गुजरात
प्रिंस के गायब होने के बाद जब घर में कोहराम मचा, तो आरोपी शोएब ने हमदर्द होने का ढोंग रचा। उसने प्रिंस की पत्नी को झांसा दिया कि वह संभवतः काम की तलाश में अहमदाबाद चला गया है। महिला को विश्वास में लेकर वह उसे ढूंढने के बहाने अपने साथ गुजरात ले गया, ताकि वह पुलिस और परिजनों की नजरों से दूर रहे और किसी को उस पर शक न हो।
प्रिंस के लापता होने पर उसकी पत्नी व परिजनों ने देवरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब संदेही शोएब को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो शुरू में वह गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने सारा सच उगल दिया।
> अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) लोकेश कुमार सिन्हा ने यश भारत के संभागीय ब्यूरो को बताया कि थाना देवरी अंतर्गत लापता युवक प्रिंस की तलाश के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही शोएब को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि प्रेम प्रसंग के चलते उसने प्रिंस की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टैंक से शव बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।
देवरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में शोएब के साथ कोई और भी मददगार शामिल था।
Back to top button