
इंदौर के पास शिप्रा थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां आदिवासी समाज के एक व्यक्ति के इलाज के बहाने पूरे परिवार का धर्म परिवर्तन करा दिया गया। मामले की जानकारी जब हिंदूवादी संगठन के लोगों को लगी तो उन्होंने धर्मांतरण को लेकर तीन महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। तुम्हारे भगवान कम शक्तिशाली, शरीर पर पानी छिड़का बना दिया ईसाई…
मामला सांवेर और शिप्रा के बीच आने वाले ग्राम हतुनिया फाटा का है। यहां मान सिंह पुत्र मुनसिंह बिलवाल की शिकायत पर धर्म परिवर्तन के मामले में पास्टर रेसिंग, उसकी पत्नी उर्मिला, बेटे खेमराज, दोस्त हाकिम, उसकी पत्नी मंगली, मान सिंह और उसकी पत्नी कालीबाई के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

दो साल पहले हुआ था संपर्क
मान सिंह ने बताया कि दो साल पहले की बात है। उसकी तबीयत खराब हो गई थी। काफी इलाज कराया। लेकिन फर्क नही पड़ा। इस दौरान किसी ने उसे बताया कि ग्राम झाबुआ के छापरी में एक चर्च है। यहां उसका उपचार अच्छे से हो जाएगा। वह अपने परिवार के साथ यहां पहुंचा। जहां चर्च में पास्टर रेसिंग मिले। उन्होंने यहां ईसाई धर्म के भगवान का नाम लेने की बात करते हुए पानी पिलाया। कुछ दवाएं दी इस दौरान वो ठीक होने लगा। करीब एक साल पहले पास्टर रेसिंग अपने बेटे और पत्नी को लेकर उनसे मिलने आए।
तुम्हारे भगवान कम शक्तिशाली
यहां पास्टर रेसिंग ने बातचीत के दौरान कहा कि तुम्हारे भगवान कम शक्तिशाली हैं। तुम्हें ईसाई धर्म के भगवान ने ठीक किया है। घर से हिंदू देवी-देवताओं को बाहर निकलवा दिया। इस दौरान कुछ रुपए और धार्मिक पुस्तकें पढ़ने के लिए दी। पास्टर रेसिंग ने कहा कि वह ईसाई धर्म अपना ले। इससे बच्चों को अच्छी एजुकेशन, हेल्थ सहित कई सुविधाएं फ्री में मिल जाएंगी। इसके बाद वह लगातार उसकी आर्थिक मदद करने लगे और चर्च आने के लिए कहने लगे।

घर में आए मंत्र पढ़े और पानी छींटा
सोमवार को पास्टर रेसिंग, उसकी पत्नी, बेटा और अन्य लोग बोलेरो गाड़ी से उनके घर आए। यहां बातचीत के दौरान ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहने लगे। उन्होंने एक धार्मिक पुस्तक ली और उसमें से कुछ मंत्र पढ़ते हुए पानी के छींटे शरीर पर डाले। इसके बाद कहा कि अब तुम परिवार सहित ईसाई बन गए हो। वह इन सब बातों के लिए राजी नहीं हुआ तो उसे समझाने लगे। उसने पूरी बात परिचित लखन को बताई। जिसके बाद उन्होंने मामले में हिंदूवादियों को जानकारी दी। इस पर परिवार को थाने लेकर आए और केस दर्ज कराया। फिलहाल मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।