मंडलाl पुलिस ने आयुषी ज्वेलर्स डकैती और फायरिंग मामले में 10वें आरोपी विष्णु नाथ उर्फ शिंदे को गिरफ्तार किया है। यह घटना 20 नवंबर 2025 को मंडला कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा स्थित आयुषी ज्वेलर्स में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विष्णु नाथ (40), पिता द्वारका नाथ, निवासी ग्राम सालेगढ़, थाना सुल्तानपुर, जिला रायसेन से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। आरोपी ने बताया कि 2024 में मंडला में ट्रैक्टर सर्विस कराने के दौरान उसकी मुलाकात रोहित भारतिया से हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल के जरिए लगातार संपर्क में रहे। अक्टूबर 2025 में मंडला बस स्टैंड पर रोहित भारतिया और विष्णु नाथ की दोबारा मुलाकात हुई। इस दौरान रोहित ने आयुषी ज्वेलर्स की दुकान और मकान में भारी मात्रा में सोना-चांदी होने की जानकारी दी और लूट की योजना का प्रस्ताव रखा। इसके बाद विष्णु नाथ ने ग्राम मुरेरकला निवासी पंकज गौर से संपर्क कर डकैती की विस्तृत योजना तैयार की।
पुलिस ने बताया कि 7 नवंबर 2025 को विष्णु नाथ और पंकज गौर मंडला आए। उन्होंने स्थानीय आरोपियों की सहायता से दुकान और मकान की रेकी की। सभी आरोपी नर्मदा किनारे एक धर्मशाला में ठहरे और अगले दिन वापस चले गए। बाद में, 24 नवंबर 2025 को सुल्तानपुर में हुई मुलाकात में पंकज गौर ने विष्णु नाथ को आयुषी ज्वेलर्स में हुई लूट की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी के पास से लूट की रकम में से 1,500 रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को 14 जनवरी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, आयुषी ज्वेलर्स डकैती मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना जारी है।
Back to top button