रीवा। शहर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब मासूम बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला समान थाना क्षेत्र का है, जहां कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा को दो युवकों ने अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले छात्रा को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता समान थाना क्षेत्र की रहने वाली है और गत 19 फरवरी की रात करीब 9 बजे वह अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली, तो परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 20 फरवरी की सुबह छात्रा किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर के पास पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने बताया कि दो युवक उसे जबरन एक किराए के मकान में ले गए थे। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक देने के बहाने धोखे से शराब पिला दी गई। नशे की हालत में होने के कारण वह बेसुध हो गई, जिसका फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ गलत काम किया। होश आने पर वह सुबह किसी तरह वहां से भागने में सफल रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक और समान थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल ने तत्काल टीम गठित की। छात्रा की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान शुभम यादव उर्फ लोहा सिंह एवं कान्हा पांडे के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अहीर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि छात्रा का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
सीएसपी राजीव पाठक ने पुष्टि की कि शुरुआत में गुमशुदगी का मामला दर्ज था, लेकिन छात्रा के बयान के बाद इसमें सामूहिक दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि घटनाक्रम में और कौन-कौन शामिल था और किराए का वह कमरा किसका था, जहां इस वारदात को अंजाम दिया गया।
Back to top button