आईजी उमेश जोगा ने किया पुलिस स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन : कहा- एसपी बहुगुणा की पहल का कर्मियों को मिल रहा लाभ
अपोलो क्लीनिक द्वारा जिला पुलिस हॉस्पिटल में नि:शुल्क शिविर


जबलपुर, यशभारत। अपोलो क्लीनिक द्वारा जिला पुलिस हॉस्पिटल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस विभाग के कर्मचारी एवं उनके परिवार का हेल्थ चेकअप एवं इलाज किया गया। आई जी उमेश जोगा ने पुलिस स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। पुलिस कर्मचारी लगातार ड्यूटी करते है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य में प्रभाव पड़ता है, तो वहीं अलग-अलग स्थानों में ड्यूटी करने के कारण उन्हें पौष्टिक आहार नहीं मिल पता। स्वास्थ्य में इससे विपरीत प्रभाव पड़ता है। वह सदा स्वस्थ्य रहें और अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करें, इस हेतु स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। इस पहल में उन्होंने एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा को बधाईयां दी। पुलिस लाइन में आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में सभी पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य चेकअप किया गया। शिविर में डॉक्टरों की अध्यक्षता में बारीकी से सभी अधिकारियों और कर्मियों को उचित स्वास्थ्य सलाह देकर, बीमारियों का फुल बॉडी परीक्षण किया गया।
कोरोना काल में रही सराहनीय भूमिका
शिविर का उद्धाटन करने पहुंचे श्री जोगा ने कहा कि जिला पुलिस हॉस्पिटल ने कोरोना काल में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया था। हम लगातार यहां की व्यवस्थाओं को अपडेट कर रहे है। ताकि बाहर के व्यक्तियों का भी चेकअप किया जा सके और लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। स्वास्थ्य शिविर के दौरान एएसपी गोपाल खांडेकर, संजय अग्रवाल, समर वर्मा सहित सभी थाना प्रभारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हरेक स्वास्थ्य सुविधा रही मौजूद
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि शहर की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी 18-18 घंटे तक ड्यूटी करते हैं। किसी भी मौसम एवं परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य को पूरा करते हैं, इस सब के बीच वे अपने एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। जिसके चलते एएसपी गोपाल खांडेल एवं एएसपी संजय अग्रवाल ने अपोलो क्लीनिक के मेनेजमेंट एवं डॉक्टर्स से चर्चा कर पुलिस कर्मियों और उनके परिवार वालों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करना तय किया। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं जैसे शुगर, डेंटल, ईएनटी, ऑरथोपेडिक्स, फिजियोथेरेपी, जनरल फिजिशियन एवं गायनकालॉजिस्ट आदि विभागों के स्पेशलिस्ट उपलब्ध रहे। जिनमें डॉ. दीपक बेहरानी, डॉ. वीके मेहता, डॉ. कोहली, डॉ. कमल मेथ्यू, डॉ. रघुवेन्द्र तिवारी, डॉ. एचएन मिश्रा, डॉ. स्नेहा मेटवानी, डॉ. प्रियंका शर्मा सहित अपोलो क्लीनिक के अन्य डॉक्टर्स उपलब्ध रहे।








