देश

अवैध गैस सिलेंडर भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 22 घरेलू सिलेंडर जब्त

कलेक्टर श्री तिवारी के निर्देश पर गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और जमाखोरी पर हुई बड़ी कार्यवाही

कटनी, यशभारत। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर सोमवार को संयुक्त जांच दल ने औचक निरीक्षण कर माधवनगर गेट क्षेत्र में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए 22 गैस सिलेंडरों को जब्त किया। संयुक्त जांच दल को माधवनगर गेट के समीप स्थित सूरज बालानी के मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारित किए जाने की सूचना मिलने पर जांच दल ने उनके परिसर में संचालित दो दुकानों की जांच की। जांच के दौरान परिसर में कुल 22 घरेलू (14.2 किलोग्राम) गैस सिलेंडर अनाधिकृत रूप से भंडारित पाए गए।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न गैस कंपनियों के सिलेंडर जब्त किए गए।जिनमें एचपीसीएल के 5 भरे और 1 खाली सिलेंडर, आईओसीएल के 6 खाली सिलेंडर तथा बीपीसीएल के 10 खाली सिलेंडर शामिल हैं। जांच के दौरान सूरज बालानी ने बताया कि वे घर से ही इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटे के माध्यम से सिलेंडरों में गैस तौलकर अन्य लोगों को देते थे। इस पर सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल द्वारा मौके से 22 घरेलू गैस सिलेंडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल-कांटा जब्त किया गया। सुरक्षा एवं सुविधा की दृष्टि से जब्त सामग्री को अशोक गैस एजेंसी के संचालक श्री संदीप यादव की सुपुर्दगी में रखा गया है। सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री शुक्ल ने बताया कि सूरज बालानी के विरुद्ध द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण तैयार कर न्यायालय कलेक्टर कटनी में प्रस्तुत किया जाएगा। इस संयुक्त जांच दल में नायब तहसीलदार संदीप सिंह, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री पियूष कुमार शुक्ल तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।IMG 20260316 WA0846 1 scaled IMG 20260316 WA0848 1 IMG 20260316 WA0849 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button