मध्य प्रदेशराज्य

अवैध ईंधन कारोबार पर बड़ी कार्रवाई : 15 हजार लीटर से ज्यादा डीजल-पेट्रोल जब्त

Table of Contents

मैहर /सतना यश भारत। जिले में अवैध डीजल-पेट्रोल कारोबार के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस सख्त अभियान के बाद पूरे जिले में हड़कंप की स्थिति बन गई।

कलेक्टर रानी बाटड़ और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न क्षेत्रों के ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संग्रहित और बेचे जा रहे ईंधन का खुलासा हुआ।

छापेमारी में पुलिस ने 70 से अधिक नीले ड्रम, एक टैंकर और करीब 15 हजार लीटर से ज्यादा डीजल-पेट्रोल जब्त किया। इसके अलावा अमरपाटन क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर भी कार्रवाई करते हुए कई सिलेंडर बरामद किए गए। वहीं, दो स्थानों से अवैध शराब भी पकड़ी गई।

यह कार्रवाई अमदरा थाना क्षेत्र के घुनवारा स्थित गुरुकृपा ढाबा, जय मां शारदा ढाबा, यादव ढाबा और सुंदरम ढाबा समेत कई जगहों पर की गई। साथ ही अमरपाटन तहसील और रामनगर क्षेत्र में भी छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने पेट्रोलियम अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूरे अभियान के दौरान कलेक्टर और एसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी करते रहे। इस सख्ती के बाद ढाबा संचालकों और कथित तेल माफियाओं में खलबली मच गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button