अब जबलपुर मेडिकल अस्पताल का नजर आएगा मेन गेट : नगर निगम ने अतिक्रमण हटाना किया शुरु, कलेक्टर के आदेश पर हुई कार्रवाई


जबलपुर, यशभारत। नेताजी शुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट में लगी चाय-पान की होटलें और ठेले टपरों को आज शुक्रवार को हटाने की कार्रवाई शुरु हुई। यहां बेतरतीब जमे अतिक्रमण के कारण मेडिकल का मुख्य द्वार नजर ही नहीं आता था साथ ही मरीजों को आने-जाने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
जानकारी अनुसार संभाग के मेडिकल कॉलेज को आज से अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई शुरु हुई। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर पहले ही अतिक्रमणकारियों को अल्टीमेटम दे दिया था। जिसके बाद आज माइक से अलाउंस कर, अतिक्रमण को हटाने की अपील की गई। जिसके बाद ठेले-टपरे वाले स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटाते दिखे।
निरीक्षण कर दिए थे निर्देश
गौरतलब है कि पिछले दिनो कलेक्टर इलैयारजा टी ने मेडिकल अस्पताल का निरीक्षण किया था, जहां उन्होंने मुख्य द्वार सहित आसपास पसरे अतिक्रमण को मुक्त कराने के निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में आज ननि और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान, सभी अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरु की गई है। जिसके चलते अब मेडिकल का मुख्य द्वार लोगों को नजर आने लगेगा।







