सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के किंदरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मानेगांव में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नंदू परते (55 वर्ष) पिता स्वर्गीय रूपलाल परते निवासी ग्राम मोहगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है की सुबह गांव के कुछ लोग रोजाना की तरह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान गांव के पास स्थित एक आम के पेड़ की डाली पर एक व्यक्ति का शव साड़ी के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर लोग घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बाद में शव की पहचान नंदू परते के रूप में की गई। घटना की जानकारी पुलिस थाना किंदरई को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किंदरई थाना प्रभारी गजेंद्र राजपूत ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Back to top button