भोपालमध्य प्रदेश

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह: सतना में 50 यात्रियों से भरी बस पलटी, 20 घायल, 10 की हालत गंभीर

हटिया गांव के पास हुआ हादसा, घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी, 4 मरीज रेफर

सतना। बुधवार देर शाम सतना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी नंदिनी ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

IMG 20250515 WA0238

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और एक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई।

ग्रामीणों ने निभाई जिम्मेदारी
घटना होते ही आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्रियों को बस की खिड़कियों और पिछले हिस्से से बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन और जैतवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल सतना पहुंचाया गया।

10 गंभीर घायलों का इलाज जारी
20 घायलों में से 10 की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से 4 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घायल यात्रियों में मुन्नी वर्मा, सुकन्या दहिया, प्रेमलाल दहिया, शालू दहिया, रामसी दोहर, रामकृपाल सिंह, शशि सेन, करुण सेन और चंद्रशेखर कुशवाहा शामिल हैं। सभी का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है या उन्हें निगरानी में रखा गया है।

अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी आशुतोष गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। डॉक्टर्स से चर्चा के बाद कलेक्टर ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी घायलों का समुचित इलाज जारी है।

जांच जारी, ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई

सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने बस चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और बस की फिटनेस रद्द करने के निर्देश दे दिए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button