
मुंबई, यश भारत
मुंबई के बाहरी इलाके में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब लोकल ट्रेन से फिसलकर वैतरणा नदी में गिरे 25 वर्षीय युवक को समय रहते बचा लिया गया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
उदय मंगेश वांगड बोइसर से बोरीवली की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन से सफर कर रहे थे। ट्रेन जब वैतरणा नदी पर बने पुल से गुजर रही थी, तभी दरवाजे के पास खड़े उदय का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे नदी में जा गिरे।
ड्यूटी पर तैनात रेलवे ट्रैक मेंटेनेंस गार्ड रमेश सिंह ने यह घटना अपनी आंखों से देखी। उन्होंने तुरंत शोर मचाया और अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों को सूचना दी। अलर्ट मिलते ही दो स्थानीय युवक नाव लेकर नदी में उतरे और तेज बहाव के बीच पुल के एक पिलर से निकली लोहे की रॉड पर फंसे उदय तक पहुंचे।
दोनों युवकों ने साहस दिखाते हुए उदय को सुरक्षित नाव में बैठाया और किनारे ले आए। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने परिजनों को सूचना दी। उदय को हल्की चोटें आई थीं, जिनका नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।
रेलवे कर्मचारी रमेश सिंह ने कहा, “युवक सदमे में था। उसकी जान बचाना मेरा कर्तव्य था।” वहीं, एक अन्य वायरल वीडियो में उदय की मां ने रेस्क्यू टीम का आभार जताते हुए कहा, “ये लोग फरिश्ते हैं, जिन्होंने मेरे बेटे को दूसरी जिंदगी दी।”







