तंत्र-मंत्र के शक में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया था

जबलपुर। जिले के कुंडम थाना क्षेत्र के बिसनपुरा गांव में तंत्र-मंत्र के संदेह में एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च को बिसनपुरा निवासी नन्हे यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई भूरे यादव के साथ गांव के ही संतराम यादव और मधु शाह गौंड मारपीट कर रहे थे। जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपी भूरे यादव को जबरन अपने साथ ले गए।
घटना के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर संतराम यादव और मधु शाह गौंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें भूरे यादव पर जादू-टोना करने का शक था, इसी वजह से उन्होंने उसकी हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से मृतक का शव बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में यह सामने नहीं आया है कि मृतक किसी प्रकार के तंत्र-मंत्र या जादू-टोने से जुड़ा हुआ था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







