यशभारत बिग ब्रेकिंग-शहडोल–नागपुर ट्रेन का ब्रेकयान बेपटरी,एक महिला यात्री के घायल होने की खबर
सिवनी खेराजी के पास मचा हड़कंप

जबलपुर यशभारत। शहडोल से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन का ब्रेकयान अचानक बेपटरी हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सिवनी जिले के खेराजी स्टेशन के पास की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का अमला मौके पर पहुंच गया और सुधार कार्य शुरू कर दिया गया।बताया जा रहा है कि शहडोल–नागपुर ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी तभी खेराजी के समीप अचानक ट्रेन के अंतिम हिस्से में लगा ब्रेकयान पटरी से उतर गया। घटना के दौरान यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक इस हादसे में एक महिला यात्री के उपर अटैची गिर जाने व घायल हो गई है। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीकी स्टाफ और आरपीएफ एवं जीआरपी मौके पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल स्थिति का जायजा लेते हुए बेपटरी हुए ब्रेकयान को पटरी पर लाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक रेल यातायात भी प्रभावित है
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जाएगा।
घटना के बाद यात्रियों में दहशत जरूर देखी गई, लेकिन रेलवे अमले की तत्परता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।







