नोएडा में मजदूरों का उग्र प्रदर्शन: गाड़ियां जलाईं, दिल्ली बॉर्डर सील, कई इलाकों में तनाव
कई जगहों पर लंबा जाम

नोएडा,एजेंसी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों का आंदोलन गुरुवार को हिंसक रूप ले बैठा। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हजारों श्रमिकों ने कई इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। जानकारी के अनुसार, फेस-2, सेक्टर-84, सेक्टर-15, कुलेसरा, सेक्टर-62 और सेक्टर-63 जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी को पलट दिया गया और दो अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि फेस-2 स्थित मदरसन कंपनी के पास प्रदर्शन कर रहे मजदूर अचानक उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। वहीं, होजरी कॉम्प्लेक्स डी-ब्लॉक में रिचा ग्लोबल गारमेंट्स के कर्मचारियों ने भी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से नोएडा आने वाले रास्तों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है और बॉर्डर सील कर दिया गया है। ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे कई जगहों पर लंबा जाम देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले प्रशासन ने श्रमिकों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर सहमति का आश्वासन दिया था, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ और आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। मजदूरों ने साफ कहा है कि मांगें पूरी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे। बवाल के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अफवाहों से बचने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।







