महिलाओं ने चौंकाया, पुरुषों से ज्यादा वोटिंग कर बदल दिया निजाम

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। राजधानी में 27 साल बाद बीजेपी की वापसी हुई है। राजधानी में एक बार फिर मोदी मैजिक चला। ये साबित हो गया कि पीएम मोदी से बड़ा चेहरा फिलहाल देश में कोई नहीं है। कांग्रेस ने भी राहुल गांधी के चेहरे पर चुनाव लड़ा था। जबकि आप का तो चेहरा ही अरविंद केजरीवाल हैं।
दिल्ली विधानसभा के लिए शनिवार को घोषित हुए नतीजों में बीजेपी ने 48 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। जबकि आप 22 सीटों पर सिमट गई। वहीं कांग्रेस ने जीरो की हैट्रिक बनाई है। पार्टी लगातार तीसरी बार जीरो पर सिमट गई। चुनाव आयोग के अनुसार महिलाओं ने एक बार फिर सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। इस चुनाव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दिल्ली में कुल 72.37 लाख महिला वोटर्स में 60.92 प्रतिशत महिलाओं ने वोटिंग में हिस्सा लिया। जबकि पुरुष वोटिंग के मामले में महिलाओं से पिछड़ गए। आंकड़ों के अनुसार कुल 60.21 पुरुषों ने इस बार वोटिंग की।
ओखला में 5 प्रतिशत अधिक वोटिंग
दिल्ली विधानसभा चुनाव में पहली बार हुआ है जब दिल्ली में पुरुषों से अधिक महिलाओं ने वोटिंग की है। चुनाव आयोग के अनुसार 70 में से 40 विधानसभा क्षेत्रों में पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक वोटिंग की। सबसे ज्यादा अंतर ओखला में दिखा। ओखला में पुरुषों का वोटिंग प्रतिशत 52.5 रहा। जबकि महिलाओं ने 58.2 प्रतिशत वोटिंग की। महिलाओं का वोटिंग परसेंटेज बढ़ने के पीछे का कारण बीजेपी द्वारा घोषित योजनाएं हैं। जिसमें हर महीने 2500 रुपये और गर्भवती महिलाओं को हर महीने 21000 रुपये देना शामिल हैं।