आखिर किसने फेंका गाय के बछड़े का सिर? हिंदू संगठनों में आक्रोश
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग,नागपाल गार्डन के सामने फ्लाईओवर के नीचे संदिग्ध घटना,

जबलपुर, यश भारत ।संस्कारधानी में गुरुवार सुबह उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब नागपाल गार्डन के पास फ्लाईओवर के नीचे एक गाय के बछड़े का कटा हुआ सिर लोगों ने देखा। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और बछड़े के सिर को तुरंत हटाकर हालात को नियंत्रण में लिया। इसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने गोरखपुर थाने के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम में यह सवाल उठ रहा है कि बछड़े का धड़ कहां है और किन असामाजिक तत्वों ने शहर का माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से यह हरकत की है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह सिर कहां से आया और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं।समाचार लिखे जाने तक गोरखपुर थाने के सामने हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन जारी था।
गुरुवार की सुबह एक गोवंश के बछड़े का कटा हुआ सिर पड़ा देखा। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और हिंदू संगठनों को दी। मौके पर पहुंची गोरखपुर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर बारीकी से छानबीन की, लेकिन घटनास्थल से बछड़े के सिर के अलावा कोई अन्य अवशेष बरामद नहीं हुआ। इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित कार्यकर्ता गोरखपुर थाने पहुंचे और गोवंश के साथ इस तरह के कृत्य को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि शहर का माहौल बिगाड़ने की नीयत से यह कृत्य किया गया है। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
गोरखपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बछड़े के सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गोवंश की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई और यह घटना किस प्रकार अंजाम दी गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







