पश्चिम बंगाल: मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप, कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

पश्चिम बंगाल: मेडिकल छात्रा के साथ गैंगरेप, कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
भोपाल, यशभारत। पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राज्य के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की ओडिशा निवासी छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात को दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के पास हुई। बताया जा रहा है कि कॉलेज की द्वितीय वर्ष की यह छात्रा अपनी एक सहेली के साथ रात के खाने के लिए बाहर गई थी, तभी अज्ञात लोगों ने उसे सुनसान जगह पर दरिंदगी का शिकार बनाया। इस जघन्य वारदात के बाद पीड़िता को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिवार ने दर्ज कराई शिकायत:
पीड़िता के माता-पिता को घटना की जानकारी उसके दोस्तों से मिली, जिसके बाद वे शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के पिता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पुलिस ने बताया कि ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली मेडिकल छात्रा के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी सभी सबूतों को इकट्ठा कर रहे हैं और हर संभावित दिशा से मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रहे हैं।





