
शादी की खुशियां मातम में बदलीं ट्रक में पीछे से घुसी कार, दो की मौत, तीन गंभीर घायल
जबलपुर यशभारत। बीती रात भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंधमुख वेहदन के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे पांच लोगों की कार सामने चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। देर रात हुई इस सड़क दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कठौदा निवासी 20 वर्षीय यशवंत पटेल एवं 25 वर्षीय सौरभ पटेल अपने तीन साथियों के साथ जबलपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए हुए थे बीती रात 3:00 बजे के लगभग जब है स्विफ्ट कर से वापस अपने घर आ रहे थे अधमूक के पास अचानक अनियंत्रित होकर सामने जा रहे ट्रक से टकरा गई।

इस दुर्घटना में दोनों लोगों की मौत हो गई वहीं कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया । दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दिए गई है। जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक तीनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। साथ ही यह आशंका भी जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से कार ट्रक से जा टकराई। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।







