मणिपुर में 7 दिनों में चौथी बार भड़की हिंसा: जिरिबाम में 5 की मौत, इंफाल में भी तनाव, स्कूल-कॉलेज बंद

मणिपुर में हिंसा एक बार फिर भड़क उठी है। शनिवार (7 सितंबर) को जिरिबाम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। जिरिबाम के पहाड़ी इलाके में दो समुदायों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, इंफाल में मणिपुर राइफल्स मुख्यालय पर भीड़ ने हमला किया, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बलों को फायरिंग करनी पड़ी।
इंफाल में मणिपुर राइफल्स मुख्यालय पर हमला
इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिलों में शुक्रवार रात को भीड़ ने मणिपुर राइफल्स मुख्यालय पर हमला कर दिया। भीड़ का इरादा सुरक्षा बलों से हथियार छीनने का था। पुलिस और CRPF ने मिलकर भीड़ को काबू में करने के लिए पेलेट गन से गोलियां चलाईं। इसके अलावा, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए मॉक बम और आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस झड़प में 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें JNIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंसा के बाद राज्य में स्कूल-कॉलेज बंद
राज्य में बढ़ती हिंसा को देखते हुए सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। मणिपुर की अखंडता समिति (COCOMI) ने सरकार पर कानून-व्यवस्था लागू करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए काम रोकने और सार्वजनिक कर्फ्यू का आह्वान किया है। इसके बाद से इंफाल के सभी बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
7 दिनों में हिंसा की चौथी घटना, 6 की मौत
पिछले 7 दिनों में मणिपुर में 4 बड़ी हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। 1 सितंबर से अब तक, 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 17 लोग घायल हुए हैं। ताजा घटना से पहले, 3 और हिंसक घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें 3 लोग मारे गए और 12 लोग घायल हुए थे।