लोकसभा में भारी हंगामा, स्पीकर की ओर फेंके गए कागज, 8 विपक्षी सांसद निलंबित
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण के दौरान गुरुवार को सदन में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। हंगामे के बीच कुछ सांसदों द्वारा स्पीकर की ओर कागज के टुकड़े उछाले गए, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष को कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्रवाई अब शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए टाल दी गई है।
दरअसल, राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब से जुड़े कथित उद्धरण का जिक्र करते हुए सदन में बोल रहे थे। इस दौरान स्पीकर ने उन्हें विषय से हटने की सलाह देते हुए बोलने से रोक दिया और अन्य सांसदों को अवसर दिया। इसी को लेकर विपक्षी सांसदों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।
हंगामे के दौरान कुछ सांसदों ने आसन की ओर फटे हुए कागज के टुकड़े उछाल दिए। इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए स्पीकर ने विपक्ष के आठ सांसदों—चमाला किरण रेड्डी, वेकंटरमन, गुरजीत औजला, मणिकम टैगोर, राजा वडिंग, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले और डीन कुरियाकोस—को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद भी कुछ सांसदों ने दोबारा स्पीकर की ओर कागज फेंके।
इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक मैगजीन में छपे लेख का हवाला देते हुए उसे पूर्व सेना प्रमुख की अप्रकाशित किताब से जोड़ रहे हैं और इससे सदन की कार्यवाही बाधित हो रही है।
जब आसन पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल गांधी को बोलने के लिए आमंत्रित किया, तो राहुल गांधी ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताते हुए चीन और पाकिस्तान का जिक्र किया। इस पर किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सदन इस विषय को सुनने के लिए तैयार है, लेकिन नियमों के दायरे में चर्चा होनी चाहिए।






