उखरी तिराहे पर दुकान विवाद में बवाल: जमकर चले लात-घूंसे, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जबलपुर। शहर के उखरी तिराहे स्थित रानीताल मुक्तिधाम के पास एक दुकान को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक रानीताल मुक्तिधाम के बगल में स्थित एक दुकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर मंगलवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़ा अचानक इतना बढ़ा कि दुकान के अंदर और बाहर मौजूद लोग भी इसमें शामिल हो गए। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
सरेराह हुई इस मारपीट से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना के दौरान किसी ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उखरी तिराहे के आसपास अक्सर छोटे-मोटे विवाद होते रहते हैं, लेकिन इस तरह सरेआम मारपीट की घटना से लोग दहशत में हैं। पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में कड़ी निगरानी और कार्रवाई की मांग की जा रही है।







