जबलपुरमध्य प्रदेश

पांच तोला सोने का हार लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 15 – 20 cctv फुटेज से पुलिस ने किया ट्रैक

माढ़ोताल झपट्टामारी का खुलासा

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में शादी से लौट रही महिला के साथ हुई झपट्टामारी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पांच तोला वजनी सोने का हार लूटकर फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों युवक कंचनपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 15 सीसीटीवी कैमरों के करीब 20 फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उनके भागने के रूट को ट्रेस किया।

शादी से लौटते समय बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार यादव कॉलोनी, विवेकानंद वार्ड निवासी अनिल सोनी अपनी पत्नी मीना सोनी (53) एवं परिजनों के साथ 7 फरवरी को भोपाल विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। 9 फरवरी की रात लगभग 8 बजे जब सभी लोग बजरंग नगर पहुंचे और बस से सामान उतार रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने अचानक मीना सोनी के गले पर झपट्टा मारकर पांच तोला सोने का हार लूट लिया और मौके से फरार हो गए।

7 से 8 लाख का आंका गया मूल्य

लूटा गया हार लगभग पांच तोला वजनी बताया गया, जिसकी कीमत करीब सात से आठ लाख रुपये आंकी गई है। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे।

विजयनगर से पाठ बाबा होते हुए कंचनपुर तक ट्रैक

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की बाइक की मूवमेंट विजयनगर महानद्दा क्षेत्र से पाठ बाबा और वहां से कंचनपुर की ओर जाती हुई पाई गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ जारी, बरामदगी की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा लूटे गए हार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि शहर में झपट्टामारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button