कटनी में शराबखोरी के बीच दो गुटों में चाकूबाजी, दो की हत्या, एक गंभीर -पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

कटनी में शराबखोरी के बीच दो गुटों में चाकूबाजी, दो की हत्या, एक गंभीर
-पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत। नशे की लत और आवारागर्दी में नई उम्र के लडक़े किस तरह अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, इसका ज्वलंत प्रमाण बीती रात फॉरेस्टर चौपाटी में हुई चाकूबाजी की घटना के रूप में सामने आया। शराबखोरी में हुई बहस इतनी बढ़ी कि एक पक्ष के लडक़ों ने दूसरे ग्रुप के तीन लडक़ों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस सिलसिले में जबलपुर डीआईजी अतुल सिंह ने यशभारत को बताया कि चौपाटी में लगभग 2 बजे रात मामूली बात पर दोनों गुट आपस में उलझ पड़े। इनमें से एक गुट के लडक़ों के पास चाकू था, उन्होंने दूसरे गुट के लडक़ों पर हमला कर दिया। घटना में दो युवकों की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। देर रात हुई हत्या की इस वारदात से सनसनी फैल गई। कल रविवार की रात पुलिस कॉम्बिंग गश्त कर रही थी, उसी दौरान यह घटना हुई। घटना की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और कार्यवाही की। बताया जा रहा है कि सागर, सुजल और उसके एक अन्य साथी ने बीती रात करीब 1 बजे फॉरेस्टर चौपाटी स्थित एक चाय की दुकान के सामने गायत्री नगर निवासी 23 वर्षीय रोशन सिंह पिता गुलाब सिंह, 22 वर्षीय उत्कर्ष दुबे पिता राजा दुबे एवं 20 वर्षीय विनेश पिता शिवनारायण पर चाकुओं से दनादन कई वार किए। वारदात के बाद घायल रोशन सिंह, उत्कर्ष दुबे और विनेश को शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोशन सिंह एवं उत्कर्ष दुबे को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनेश की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया। उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी सागर, सुजल और एक अन्य साथी पर मामला दर्ज किया है। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है।







