दो जिलाबदर बदमाश शहर में घूमते मिले -आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

दो जिलाबदर बदमाश शहर में घूमते मिले
-आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
जहांगीराबाद और निशातपुरा थाना पुलिस ने अपने-अपने इलाके में घूम रहे दो जिला बदर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त भोपाल ने दोनों आरोपियों को उनके आपराधिक रिकार्ड के चलते भोपाल और आसपास के जिलों से जिला बदर किया था, लेकिन दोनों आरोपी जिला बदर की समय सीमा समाप्त होने से पहले ही इलाके में दाखिल हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जिला बदर के आदेश का उलंघन करने का केस दर्ज किया है।
जहांगीराबाद थाना पुलिस ने बताया कि जेल रोड झदा कॉलोनी निवासी रिहान खान पुत्र अफरोज(24) थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है। पुलिस आयुक्त भोपाल ने 20 नंवबर 2024 को आरोपी के आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए उसे एक साल के लिए भोपाल, विदिशा, राजगढ़, रायसेन और नर्मदापुरम जिले की सीमाओं से जिला बदर किया था। इसके बाद भी आरोपी रिहान कल पुलिस पुख्ता के पास घूमता हुआ मिला। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में करीब एक दर्जन अपराध दर्ज हैं। इसी तरह निशातपुरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान रतन कॉलोनी से जिला बदन बदमाश रतन कॉलोनी निवासी विशाल मेहरा उर्फ विशाल मंडी पुत्र पप्पू मंडी(30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस आयुक्त भोपाल ने 30 जून 2025 को उसके आपराधिक रिकार्ड को देखते हुए पांच माह के लिए भोपाल और आसपास के जिलों से जिलाबदर किया था। लेकिन आरोपी जिला बदर की समय सीमा समाप्त होने से पहले ही इलाके में छीपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जिला बदर के आदेश के उलंघन का केस दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी।







