भोपाल के दो बदमाशों को दिल्ली में शार्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली -बदमाशों की फायरिंग में पुलिस आरक्षक के सीने में गोली लगी, बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई जान

भोपाल के दो बदमाशों को दिल्ली में शार्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
-बदमाशों की फायरिंग में पुलिस आरक्षक के सीने में गोली लगी, बुलेट प्रूफ जैकेट ने बचाई जान
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल के दो कुख्यात बदमाशों और एसटीएफ व दिल्ली पुलिस के बीच कर मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। जिसमें दिल्ली पुलिस के एक आरक्षक के सीने में गोली लगी, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेज ने उसकी जान बचा ली। जबकि पुलिस की ओर से की गई जबावी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों पर मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में कई संगीन अपराध दर्ज हैं।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पुलिस दक्षिण-पूर्वी जिला ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि कल हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस के आरक्षक राजेन्द्रर सिंह को सूचना मिली थी कि मिलेनियम पार्क के पास दो संदिग्ध घातक हथियार के साथ इलाके की रैकी कर रहे हैं। संभवत: वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं। इस सूचना के बाद एसटीएफ और हजरत निजामुद्दीन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बाइक सवार दो संदिग्धों को पकडऩे का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। बदमाशों की फायरिंग में आरक्षक राजेन्द्रर सिंह के सीने में गोली लगी, हालांकि आरक्षक ने कार्रवाई के वक्त बुलेट प्रूफ जैकेट पहना हुआ था, जिससे उनकी जान बच गर्इ । इधर पुलिस की जबावी कार्रवाई में भोपाल के कुख्यात बदमाश मुर्तजा अली और सिराज अली के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इस मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में लूट, डकैली और चोरी जैसे कई संगीन अपराध दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और बाइक बरामद कर ली है।
लूट,चोरी और डकैती के 46 मामले दर्ज
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ चोरी करने के इरादे से भोपाल से दिल्ली आए थे। अब पुलिस उनके साथियों का पता लगाने और उन्हें पकडऩे में जुटी है। अपराध एवं फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण के लिए घटनास्थल का दौरा किया और भारतीय न्याय संहिता तथा शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत सनलाइट कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया। मुर्तजा पर मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में लूट, चोरी और डकैती के 46 मामले दर्ज हैं।
चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
आरोपी एक साल पहले जेल से रिहा हुआ था। सिराज अली पहले बेल्ट और परफ्यूम बेचने का काम करता था। भोपाल में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, छह कारतूस और चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की। गोलीबारी में कांस्टेबल राजेंद्र सुरक्षित बच गए, उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी और आरोपियों द्वारा चलाई गई गोली कांस्टेबल की जैकेट में जाकर लगी।







