कोलार में हिस्ट्रीशीटर पर हथौड़ों से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, स्कार्पियो जब्त

कोलार में हिस्ट्रीशीटर पर हथौड़ों से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, स्कार्पियो जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र में 25 जनवरी को बीच चौराहे पर हुई सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिस्ट्रीशीटर कुलदीप पटेल पर उस वक्त जानलेवा हमला किया था, जब वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक स्कार्पियो भी बरामद की है।
फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर खींचा बाहर
जानकारी के अनुसार, वारदात वाले दिन आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाश स्कार्पियो और बोलेरो गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने बीच सड़क पर कुलदीप पटेल की घेराबंदी की और उसे गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला। बदमाशों ने हथौड़ों से ताबड़तोड़ हमला कर कुलदीप को लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने भोपाल सहित रायसेन और नर्मदापुरम जिलों के लगभग 200 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
कोलार थाना पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों का पता चल सके। पुलिस अन्य फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जिलों में दबिश दे रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।







