जीएमसी परिसर में अधजले जुड़वां नवजात: पीएम रिपोर्ट में खुलासा, दोनों मृत पैदा हुए

जीएमसी परिसर में अधजले जुड़वां नवजात: पीएम रिपोर्ट में खुलासा, दोनों मृत पैदा हुए
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गांधी मेडिकल कॉलेज परिसर में मिले अधजले जुड़वां नवजातों के मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि दोनों शिशु मृत पैदा हुए थे और उनके शरीर पर किसी तरह की चोट या बाहरी हिंसा के निशान नहीं मिले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम में यह भी सामने आया कि दोनों नवजात लगभग 8 महीने के प्रीमैच्योर थे। रिपोर्ट में दर्ज है कि नाल नहीं कटी थी और शरीर साफ नहीं था, जो यह संकेत देता है कि डिलीवरी अस्पताल में नहीं, बल्कि घर पर या अस्पताल से बाहर हुई थी। PM रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस अब इस घटना को नवजात शवों के अवैध निपटान और गलत तरीके से फेंकने के एंगल से देख रही है, हालांकि आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस को सूचना में 10 घंटे की देरी
जांच में सबसे बड़ी बाधा पुलिस को घटना की जानकारी देने में हुई 10 घंटे की देरी है। नवजातों के शव मॉर्चुरी के पीछे रखे एक नीले प्लास्टिक ड्रम में मिले थे, जिसे सफाई कर्मचारियों ने कचरे की आग बुझाने के दौरान देखा। मॉर्चुरी कर्मचारियों ने पहले अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी।
सुरक्षा और सीसीटीवी पर गंभीर सवाल
पुलिस ने परिसर के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं, लेकिन कई कैमरों की पुरानी गुणवत्ता के कारण फुटेज स्पष्ट नहीं है। डीवीआर की तकनीकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने भी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिसर में 150 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद नवजातों के शव परिसर तक कैसे पहुंचे, इसकी जांच जारी है।






