भोपालमध्य प्रदेश

मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुश्किलें, शीर्ष अदालत ने कहा- अब माफी मांगने में बहुत देर हो चुकी है।

मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुश्किलें, शीर्ष अदालत ने कहा- अब माफी मांगने में बहुत देर हो चुकी है।

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई विवादित टिप्पणी के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति की पीठ ने मंत्री की माफी को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि इस स्तर पर माफी का कोई कानूनी महत्व नहीं रह जाता। कोर्ट ने सख्त लहजे में कहा, अब माफी मांगने में बहुत देर हो चुकी है।
राज्य सरकार की भूमिका पर उठाए सवाल सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को भी आड़े हाथों लिया। अदालत ने पूछा कि जब मामले की जांच पूरी हो चुकी है, तो राज्य सरकार ने मंत्री के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने में इतनी देरी क्यों की? कोर्ट ने सरकार से इस विलंब पर जवाब मांगा है, जिससे राज्य प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

गौरतलब है कि 11 मई 2025 को एक सार्वजनिक सभा में विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद सेना के पूर्व अधिकारियों और नागरिक समाज में भारी आक्रोश देखा गया था। विवाद के तूल पकड़ने पर मंत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी थी, जिसे लेकर पहले भी कोर्ट उन्हें फटकार लगा चुका है।

ऑनलाइन माफी पर पहले भी लगी थी फटकार इससे पहले 28 जुलाई को हुई सुनवाई में भी शीर्ष अदालत ने विजय शाह के रवैये की आलोचना की थी। तब कोर्ट ने कहा था कि ऑनलाइन माफी मांगना इस तरह के गंभीर कृत्यों का समाधान नहीं है। आज सोमवार की टिप्पणी के बाद अब यह तय माना जा रहा है कि मंत्री को कानूनी प्रक्रिया का सामना करना ही होगा।

सुप्रीम कोर्ट की इस तल्खी के बाद अब गेंद राज्य सरकार के पाले में है। यदि सरकार अभियोजन की मंजूरी देती है, तो विजय शाह के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलेगा, जो उनके राजनीतिक करियर के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। विपक्षी दल अब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग तेज कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button