रंगदारी देने से मना करने पर ट्रैवल्स संचालक से मारपीट कर ऑफिस में तोडफ़ोड़

रंगदारी देने से मना करने पर ट्रैवल्स संचालक से मारपीट कर ऑफिस में तोडफ़ोड़
-पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को किया गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। टीला जमालपुरा इलाके में चार बदमाशों ने एक ट्रैवल्स संचालक पर हर माह रंगदारी देने के लिए अड़ी डाल दी, जब उसने मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट कर ऑफिस में तोडफ़ोड़ कर डाली। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की डॉयल 112 ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अड़ीबाजी, मारपीट, तोडफ़ोड़ समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
एसआई रमेश शर्मा ने बताया कि मल्टी बीडीए कॉलोनी टीला जमालपुरा निवासी वसीम अली पुत्र मोहसिन(35) ट्रैवल्स संचालक हैं। घर के पास ही उनका ऑफिस है। कल शाम करीब सात बजे अर्सलान, आसू उल्ला, फैजान और आयुष मसानी उसके ट्रैवल्स ऑफिस पहुंचे, जहां पर आरोपियों ने वसीम से कहा कि अपनी गाडिय़ां चलाना है तो हमे हर महीने दस हजार रूपए की रंगदारी देना होगी और पैसों की मांग करते हुए अड़ीबाजी करने लगे। जब वसीम ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर ऑफिस में तोडफ़ोड़ कर दी और रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। हंगामा की सूचना मिलने के बाद पहुंची डॉयल 112 ने मौके पर पहुंच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और थाने लेकर पहुंची। जहां पर पुलिस ने वसीम की श्किायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी जहांगीराबाद और ऐशबाग क्षेत्र के रहने वाले हैं।







