यमुना में दर्दनाक हादसा: पर्यटकों से भरा स्टीमर पलटा, 9 की मौत
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, पंजाब से आए थे सभी सैलानी; सीएम ने जताया दुख

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब यमुना नदी में 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर अचानक पलट गया। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लापता बताए जा रहे हैं।
जिला अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम द्वारा युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है और अब तक नदी से एक शव बाहर निकाला जा चुका है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब से वृंदावन घूमने आए थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। गोताखोरों और बचाव दल की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन की निगरानी में राहत कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।







