भोपालमध्य प्रदेश

आरबीआई तिराहे पर यातायात अमला नदारद, जाम ने बढ़ाई राहगीरों की परेशानी

आरबीआई तिराहे पर यातायात अमला नदारद, जाम ने बढ़ाई राहगीरों की परेशानी
– यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना व्यवस्था बनाई जा रही है
भोपाल यशभरत। राजधानी भोपाल के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक सुभाष नगर ब्रिज से पहले भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) तिराहे पर इन दिनों रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। शाम के समय तो स्थिति इतनी बिगड़ जाती है कि वाहन चालकों को तिराहे से गुजरने में 15 से 20 मिनट तक लग जाते हैं। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस का एक भी जवान मौके पर दिखाई नहीं देता। नतीजतन, जाम की वजह से आए दिन टकराव और दुर्घटनाओं की नौबत बन रही है।
यह तिराहा एमपी नगर, न्यू मार्केट और सुभाष नगर को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है। दफ्तरों से लौटते समय और बाजार बंद होने के समय यहां वाहन चालकों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। संकरी सडक़ और अनियंत्रित वाहनों की आवाजाही के कारण सडक़ पर अव्यवस्था फैल जाती है। लोगों का कहना है कि यहां शाम 6 बजे के बाद लगभग रोज ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि कई बार उन्होंने ट्रैफिक विभाग को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। हर शाम चारों तरफ गाडिय़ां फंसी रहती हैं, हॉर्न की आवाजों से माहौल शोरगुल में बदल जाता है।
इन प्रयासों से हो सकती है यातायात व्यवस्था सुचारू
– ट्रैफिक विशेषज्ञों का कहना है कि आरबीआई तिराहा एक संवेदनशील पॉइंट है।
– जहां वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी अनिवार्य है।
– यातायात संकेतों और रोड मार्किंग की कमी भी अव्यवस्था का बड़ा कारण है।
– आरबीआई तिराहे पर स्थायी ट्रैफिक कंट्रोल प्वाइंट बनाया जाना चाहिए।
– शाम के समय ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती होनी चाहिए।
– सडक़ किनारे खड़े होने वाले ऑटो और दोपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की जाए।
प्रयास किए जा रहे हैं
भोपाल के यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। जिन स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है उन्हें चिन्हित किया जा रहा है वहां अमले को तैनात किया जाएगा।
जितेंद्र पवार, डीसीपी, यातायात भोपाल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button