आईसर की टक्कर से ट्रैक्टर चालक की मौत,वाहन जप्त – चालक फरार
मझौली बाईपास में तड़के भीषण सड़क हादसा

जबलपुर यशभारत।आज तड़के मझौली बाईपास पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सड़क दुर्घटना के संबंध में सिहोरा पुलिस की जानकारी देते हुए बताया कि बाकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलैया खुर्द का रहने वाला 31 वर्षीय महिपाल सिंह गौड़ पिता जोहर सिंह आज सुबह 5.30 के लगभग ट्रैक्टर में भूसा लेकर तड़के परियट जा रहा था। मझौली बाईपास में ट्रैक्टर चालक अपने वाहन की हवा चेक कर रहा था इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे आईसर के चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए ट्रैक्टर कुछ जबरदस्त टक्कर मार दी दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक महिपाल सिंह के सिर एवं शरीर के अन्य अंगों में गंभीर रूप से चोटें आने के कारण उसे उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद आईसर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से आईसर वाहन को जप्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मझौली बाईपास पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और नियमित जांच की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे से परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के उपरांत शव को अपने कब्जे में लेकर दुर्घटना की पड़ताल शुरू कर दी गई है।







