भोपालमध्य प्रदेश

घूमने निकले तीन दोस्त सड़क किनारे लहूलुहान मिले, एक की मौत

घूमने निकले तीन दोस्त सड़क किनारे लहूलुहान मिले, एक की मौत

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में बुधवार रात घर से टहलने निकले तीन दोस्त कुछ ही देर बाद सड़क किनारे संदिग्ध और घायल अवस्था में पड़े मिले। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हिट एंड रन का मामला मानकर जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पिपलानी स्थित 60 क्वार्टर बस्ती का निवासी 22 वर्षीय अभिषेक बुधवार रात करीब 9 बजे अपने मोहल्ले के ही दो अन्य दोस्तों के साथ यह कहकर निकला था कि वे पास में ही घूमकर आ रहे हैं। परिजनों को अंदाज़ा भी नहीं था कि यह अभिषेक की आखिरी मुलाकात होगी।

सड़क किनारे मिले घायल
निकलने के कुछ ही समय बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों को बस्ती के बाहर मुख्य सड़क के किनारे गंभीर हालत में पड़े देखा। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में तीनों को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। एम्स में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पिपलानी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है। युवकों के शरीर पर आए चोट के निशान किसी भारी वाहन की टक्कर की ओर इशारा कर रहे हैं। चूंकि रात के समय सड़क पर सन्नाटा था और किसी ने टक्कर मारते हुए नहीं देखा, इसलिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात वाहन की पहचान हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button