हिंदू नेताओं को धमकी देने वालों की खैर नहीं, सलाखों के पीछे होंगे बदमाश: सांसद आलोक शर्मा

हिंदू नेताओं को धमकी देने वालों की खैर नहीं, सलाखों के पीछे होंगे बदमाश: सांसद आलोक शर्मा
भोपाल सांसद ने पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात; नामजद शिकायत सौंपकर सुरक्षा बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की
भोपाल, यशभारत। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के बाद राजधानी भोपाल में हिंदू नेताओं को मिल रही धमकियों और उनके खिलाफ की जा रही अभद्र टिप्पणियों का मामला गरमा गया है। इस गंभीर विषय को लेकर शुक्रवार को भोपाल सांसद आलोक शर्मा पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह से मुलाकात कर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हिंदू नेताओं की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।
प्रदेश में कानून का राज, गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं
कमिश्नर से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद आलोक शर्मा सख्त तेवर में नजर आए। उन्होंने कहा कि भोपाल अपनी गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है, लेकिन कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग शहर की शांति और सौहार्द को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं।
शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा, मैं देखता हूं कि भोपाल का माहौल कौन खराब करता है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार है, जहां सिर्फ और सिर्फ कानून का राज चलता है। किसी भी बदमाश ने अगर हिमाकत दिखाई या बदमाशी की, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हमने पुलिस को नामजद सूची सौंपी है।
पुलिस ने सक्रिय किया मुखबिर तंत्र
इस पूरे मामले पर पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही पुलिस की विभिन्न टीमें सक्रिय हो गई हैं।
कमिश्नर संजय सिंह के अनुसार धमकियां देने वाले और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुखबिर तंत्र को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है।संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस जल्द ही बड़ी कार्रवाई करेगी।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
सांसद आलोक शर्मा ने कमिश्नर से चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया कि जिन नेताओं को धमकियां मिली हैं, उनकी सुरक्षा की समीक्षा की जाए और आवश्यकतानुसार उसे बढ़ाया जाए ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।







