आज और कल राजनीतिक सामाजिक हलचलें रहेंगी,जनजातीय गौरव दिवस और युवा कांग्रेस अध्यक्ष की रैली के कार्यक्रम
राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों से हलचल

जबलपुर, यश भारत। शहर में आने वाले दो दिन आज और कल भरे रहने वाले हैं। एक तरफ जहां जनजाति गौरव दिवस के प्रदेशव्यापी कार्यक्रम माहौल को सांस्कृतिक रंग देंगे, वहीं राष्ट्रीय राजनीति में बिहार चुनाव के नतीजे विशेष चर्चा का केंद्र बने रहेंगे जिसका असर शहर में भी दिखाई देगा साथ ही प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया के आगमन पर आयोजित होने वाली स्वागत रैली भी शहर की राजनीतिक हवा को और गर्म करने वाली है।
सूत्रों के अनुसार 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजाति गौरव दिवस को लेकर जिलेभर में तैयारियाँ पूरी की जा चुकी हैं। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अन्य मंत्री भी शामिल होने जबलपुर आ रहे हैं आयोजन की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।.आदिवासी समाज द्वारा भी आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सभाओं और रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी रहेगी।
इधर, बिहार के चुनाव परिणामों पर शहर का राजनीतिक माहौल भी खासा उत्सुक है।जीत किसी की हो लेकिन परिणाम को लेकर उत्सुकता सभी को है चुनाव नतीजा चाहे किसी के पक्ष में आए स्थानीय पार्टियों के दफ्तरों में भी नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें नतीजों पर टिकी रहेंगी, क्योंकि इनका असर आगे की राजनीतिक रणनीतियों पर पड़ सकता है। जीत के बाद जश्न की तैयारी भी की गई है।
इसी बीच प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया के आगमन पर होने वाली विशाल स्वागत रैली को लेकर कांग्रेस जनों खासकर युवक कांग्रेस के लोगों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है।शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि कई सामाजिक संगठनों के भी विविध कार्यक्रम इन दो दिनों में आयोजित होंगे, जिससे शहर में हर तरफ गतिविधियों की चहल-पहल बनी रहेगी।
कुल मिलाकर आने वाले दो दिन शहर की राजनीतिक-सामाजिक धरातल पर बेहद सक्रिय और चर्चाओं से भरे रहने वाले हैं।







