डिजाइनदार राखियों की डिमांड ज्यादा, मौसम खुलने से बाजार गुलजार, छोटा भीम मोटू पतलू से लेकर लेकर ब्रेसलेट और स्टोन की राखियां लुभा रही बहनों को

जबलपुर यश भारत। भाई बहन के पवित्र प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन के पर्व में अब मात्र आज और कल का दिन ही शेष बचा है और 9 तारीख को यह पर्व परंपरा अनुसार मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर एवं उप नगरी क्षेत्र के बाजारों में चहल-पहल है और राखी रुमाल तथा दूसरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड रही है। हालात यह हैं कि शहर के मुख्य बाजार में दिन से लेकर देन रात तक खरीदारी का दौर जारी है। पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम के साफ होने का असर भी बाजारों में देखा जा रहा है। राखी की खरीदारी को लेकर जहां ग्राहकों में उत्साह और उल्लास है तो व्यापारियों को भी अच्छा धंधा होने की उम्मीद बढ़ गई है और यह सिलसिला कल देर रात तक जारी रहने की उम्मीद है। राखी रुमाल के साथ ही बहनों को देने वाले उपहार के लिए भाइयों के द्वारा भी बहनों की पसंद के अनुसार गिफ्ट खरीदे जा रहे हैं। इसके अलावा कपड़ा दुकानों और मिठाई की दुकानों में भी अभी से भीड़ लगने लगी है। व्यापारियों ने भी राखी को लेकर बच्चों से लेकर युवा वर्ग तक की पसंद का ख्याल रखते हुए नई-नई डिजाइनदार राखियां स्टॉक कर रखी थी और यह राखियां बहनों को लुभा भी रही है। बच्चों को कार्टून वाली एवं युवकों के लिए ओम स्वस्तिक के अलावा स्टोन की डिजाइनदार राखियां खूब पसंद की जा रही है। ब्रेसलेट नुमा राखियो की भी जबरदस्त मांग है। बच्चों के लिए कार्टून वाली राखियो से लेकर छोटा भीम मोटू पतलू टेडी बियर शक्ल के साथ ही नन्ही मुन्नी बच्चों के लिए खरगोश भालू आदि को प्रदर्शित करती राखियां दुकानदारों के द्वारा सजाई गई है। रुद्राक्ष मोती तथा विभिन्न प्रकार के नगों वाली एक से बढ़कर एक नक्काशी की राखी भी बाजार में उपलब्ध हैं। अलग-अलग तरह की आकर्षक राखियों के मूल्य भी अलग-अलग है। समय के साथ डिजाइनर राखियो की डिमांड बढ़ने के कारण महंगी राखियां भी मार्केट में उपलब्ध है। राखी पर्व के मद्देनज़र खिलौना कपड़ा मिठाई की दुकानों में भी भीड़ नजर आने लगी है। त्योहार पर युवक हो युवतियाँ हो या बच्चे सभी के लिए अलग थीम पर कपड़ा दुकानों में भी आकर्षक स्टॉक उपलब्ध है। हाल की बफो में देखने में आया है कि अलग-अलग त्योहारों के मौके पर अलग-अलग डिजाइन के और थीम वाले कपड़े पहनने का चलन बढ़ा है और इसी को ध्यान में रखते हुए कपड़ा व्यापारी भी पहले से तैयार थे। कुल मिलकर अब 9 तारीख तक संस्कारधानी राखी के पर्व के रंग में रंगी और उल्लास में नजर आने वाली है।







