भोपालमध्य प्रदेश

भाजपा पार्षद की पत्नी की दिनदहाड़े नृशंस हत्या, ऑटो में बैठते समय चाकुओं से गोदा

भाजपा पार्षद की पत्नी की दिनदहाड़े नृशंस हत्या, ऑटो में बैठते समय चाकुओं से गोदा

मन्दसौर, यश भारत। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले अभिनंदन क्षेत्र में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा पार्षद शाहिद मेव की पत्नी रुबीना की दो अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने रुबीना पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को अंदेशा है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे कोई पुराना पारिवारिक विवाद हो सकता है।

जानकारी के अनुसार, रुबीना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे अपने पिता के घर से लौट रही थीं। वे अपने किराए के मकान पर जाने के लिए जैसे ही एक ऑटो में बैठीं, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक से उतरे एक युवक ने बिना संभलने का मौका दिए रुबीना पर हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि रुबीना के सिर और पेट पर गहरे घाव हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वार इतने घातक थे कि उनकी अंतड़ियां तक बाहर निकल आईं।

खून से लथपथ हालत में रुबीना को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार होने में कामयाब रहे। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को साहिल नामक युवक पर शक है, जो परिवार का ही करीबी बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही

है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button