भोपाल के गोलघर में गूंजेगी उर्दू की मिठास, जश्ने उर्दू-2026 का भव्य आगाज

भोपाल के गोलघर में गूंजेगी उर्दू की मिठास, जश्ने उर्दू-2026 का भव्य आगाज
संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे उद्घाटन; चार दिनों तक साहित्य, संवाद और सूफियाना संगीत का सजेगा मंच
भोपाल, यशभारत। राजधानी की ऐतिहासिक धरोहर गोलघर (शाहजहांनाबाद) में अदब, तहजीब और कला के संगम का गवाह बनेगी। मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी और संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित चार दिवसीय साहित्यिक-सांस्कृतिक उत्सव जश्ने उर्दू–2026 का शुभारंभ शुक्रवार, 30 जनवरी को होने जा रहा है। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य विषय (थीम) आत्मबोध से विश्वबोध रखा गया है, जो उर्दू साहित्य की वैश्विक यात्रा और उसकी गहरी सांस्कृतिक जड़ों को रेखांकित करेगा।
आज शाम 4.30 बजे होगा औपचारिक शुभारंभ
उत्सव का औपचारिक उद्घाटन शाम 4.30 बजे मुख्य अतिथि प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे। इस गरिमामयी अवसर पर अपर मुख्य सचिव (संस्कृति) शिवशेखर शुक्ला और संचालक संस्कृति एन.पी. नामदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उद्घाटन सत्र में उर्दू साहित्यिक परंपरा में राष्ट्रबोध और सांस्कृतिक चेतना’ विषय पर गंभीर विमर्श होगा। साथ ही, समाज में उर्दू को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
मुनव्वर मासूम की सूफियाना कव्वाली होगी मुख्य आकर्षण
जश्ने उर्दू के पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या बेहद खास होने वाली है। मुंबई के मशहूर सूफी कलाकार मुनव्वर मासूम अपनी बुलंद आवाज में सूफियाना कलाम और कव्वाली पेश करेंगे। वहीं, एक अनूठी प्रस्तुति के तहत सलीम अल्लाहवाले और साथी ‘वंदेमातरम’ को कव्वाली के रंग में ढालकर प्रस्तुत करेंगे।
दोपहर से शुरू होगा युवाओं का कारवां
अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने बताया कि मुख्य समारोह से पहले दोपहर 2 बजे से ही युवाओं के लिए सत्र शुरू हो जाएंगे। कारवाँ लिट्रेरी ओपन माइक के माध्यम से युवा रचनाकार अपनी कविताएं और कहानियां सुनाएंगे। इसके अलावा, ‘रंग बैंड’ और ‘द आलम्स बैंड’ देशभक्ति और लोकधुनों के जरिए युवाओं को जोड़ेंगे।







