
मौसम बदलते ही बढ़ता है वायरल फीवर का खतरा,
डॉ.अनिल अरोरा ने दी सतर्क रहने की सलाह
जबलपुर, यश भारत। जिले में ठंड का असर अब धीरे-धीरे खत्म होने लगा है और मार्च की शुरुआत अब होने वाली है अभी से दिन में गर्मी का एहसास तेज हो गया है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दोपहर में तेज धूप के कारण मौसम में अचानक बदलाव देखा जा रहा है। अधिकतम तापमान करीब 30 से 31 डिग्री तक पहुंच गया है।
इस संबंध में जनरल फिजिशियन डॉ. अनिल अरोरा का कहना है कि अब समय मौसम बदल रहा है। सुबह और शाम ठंड का असर बना रहता है, जबकि दिन में 30 डिग्री से अधिक तापमान और तेज धूप महसूस हो रही है। ऐसे हालात में वायरल फीवर और मौसमी संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। डॉ. अरोरा के अनुसार, लोगों को इस समय अपने हाइड्रेशन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शरीर में पानी की मात्रा बनी रहे, इसके लिए दिनभर अधिक से अधिक पानी पिएं। बाहर की चीजें और खुले में मिलने वाला भोजन अवॉइड करें, कम से कम बाहर का खाएं और हेल्दी फूड को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। उन्होंने बताया कि पर्याप्त पानी पीने, हल्का और पौष्टिक भोजन करने तथा साफ-सफाई का ध्यान रखने से वायरल फीवर और अन्य मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।







