सफाई संरक्षकों की उपस्थिति चेक करने स्वयं तिलहरी पहुंचे निगमायुक्त
ग़ैरहाज़िरी कर्मचारियों का कटेगा एक दिन का वेतन,सफाई ठेकेदारों को जमकर लगाईं फटकार

जबलपुर,यशभारत। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार दीपावली पर्व के पहले से ही एक्शन मूड में है। शुक्रवार की सुबह सुबह निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार सफाई संरक्षकों की उपस्थिति चेक करने स्वयं तिलहरी पहुंच गए। जहा चालीस के स्थान पर मात्र तेरह सफाई कर्मचारी मिलने पर सफाई ठेकेदारों को जमकर फटकार लगाईं। निगमायुक्त ने संबंधित ठेकेदार को फोन लगाकर सही उपस्थिति जानी और खुद फील्ड पर निकलने की चेतावनी दी। इस दौरान निगमायुक्त ने कहा कि ग़ैरहाज़िरी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन कटेगा। इसके साथ ही निगमायुक्त ने सफाई ठेकेदारों को व्यवस्था में सुधार लाने और आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण करने की हिदायत दी।

निगमायुक्त ने कड़े शब्दों में कहा कि सड़कों के गंदगी और कचरे के ढेर किनारे दिखाई न दे। पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए एन. एम. टी. को व्यवस्थित कराने,डिवाइडरों पर खुशबूदार पौधे लगाने और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाने के लिए अधिकारियों को निगमायुक्त ने निर्देश दिए।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने निरीक्षण के दौरान होर्डिंग्स प्रभारी और अतिक्रमण अधिकारी को विद्युत पोलो पर अवैध रूप से पोस्टर बैनर लगाने वाले के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। आउटडोर मीडिया पॉलिसी के तहत संबंधितों के विरुद्ध पेनाल्टी लगाई जाए और टैक्स की राशि में जोड़कर वसूली की जाएगी।

निगमायुक्त के साथ निरीक्षण के मौके पर अपर आयुक्त अरविंद शाह, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र कौरव, कुलदीप तिवारी, अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से, सहायक यंत्री अभिनव मिश्रा, संतोष पांडे, अभिषेक तिवारी, दीप्ति भन्नारिया, सौरभ त्रिपाठी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, पोला राव, दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी आदि उपस्थित रहे |







