पूजन और सजावट के फूलों से सजा बाजार,फूलो के दाम आसमान पर
खरीदारी करने पहुंच रहे लोग

जबलपुर,यशभारत। शहर के बाजारों में दीपावली के दिन सुबह से रौनक है। लोग पूजन और सजावट के लिए फूल खरीदने पहुंच रहे हैं। इस बार फूलों की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिससे लोग प्राकृतिक फूलों के बजाय प्लास्टिक की मालाओं का रुख कर रहे हैं।बाजारों में बड़े गेंदे की माला 40 रुपए प्रति पीस और छोटी गेंदे की माला 30 रुपये में बिक रही है। कमल के फूल 20 रुपए प्रति पीस के भाव से मिल रहे हैं। पिछले वर्ष की तुलना में फूलों की कीमतों में लगभग 30 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

माला विक्रेता ने बताया कि इस वर्ष सामान्य से अधिक बारिश के कारण फूल उत्पादक क्षेत्रों में पौधों को नुकसान हुआ है। इससे फूलों की पैदावार कम हुई और बाजार में आपूर्ति घट गई, जिसके परिणामस्वरूप कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि पहले जो माला 20-25 रुपए में बिकती थी, अब वह 40 रुपए तक पहुंच गई है।
फूलों की कीमतों में वृद्धि के बावजूद, दीपावली की रौनक बाजारों में बनी हुई है। लोग मंदिरों, घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सजावट के लिए अभी भी फूल खरीद रहे हैं। बाजार में खरीदारी के लिए बच्चों और महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है।







