युवती ने फांसी लगाकर दी जान, कारणों का खुलासा नहीं

युवती ने फांसी लगाकर दी जान, कारणों का खुलासा नहीं
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र स्थित मारुति नगर में एक 26 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतिका की पहचान निकिता विश्वकर्मा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने फंदे पर लटका देखा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मारुति नगर निवासी निकिता विश्वकर्मा ने अपने घर के कमरे में फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना का पता तब चला जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे और निकिता को फंदे पर लटका हुआ पाया। आनन-फानन में इसकी सूचना अशोका गार्डन थाना पुलिस को दी गई।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती तलाशी में मृतिका के पास से कोई सुसाइड नोट या ऐसी कोई वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे आत्महत्या के ठोस कारणों का पता चल सके।
जांच में जुटी पुलिस
अशोका गार्डन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। युवती ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस अब उसके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







