दोस्त ही निकला कातिल, छात्रा को छत से नीचे फेंककर उतारा मौत के घाट

दोस्त ही निकला कातिल, छात्रा को छत से नीचे फेंककर उतारा मौत के घाट
अस्पताल पहुंचाकर हुआ रफूचक्कर; विवाद के बाद दूसरी मंजिल से दिया था धक्का, हत्या का केस दर्ज
भोपाल, यशभारत। राजधानी के चूनाभट्टी इलाके में बुधवार को एक छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिसे शुरू में हादसा या आत्महत्या माना जा रहा था, वह दरअसल सोची-समझी हत्या निकली। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा के दोस्त तुषार ने ही विवाद के बाद उसे पारिका सोसाइटी की दूसरी मंजिल से धक्का देकर मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कॉलेज के बहाने दोस्त से मिलने पहुंची थी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, छात्रा प्रिया बुधवार सुबह घर से कॉलेज जाने का कहकर निकली थी। हालांकि, वह कॉलेज न जाकर चूनाभट्टी स्थित पारिका सोसाइटी के एक ‘स्टे होम’ में पहुंची, जहां उसका दोस्त तुषार केयर टेकर का काम करता था। दोपहर करीब 12 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि तुषार ने प्रिया को छत से नीचे फेंक दिया।
शातिर दिमाग: खुद लेकर गया अस्पताल
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शातिर चाल चली। किसी को उस पर शक न हो, इसलिए वह खुद लहूलुहान हालत में प्रिया को निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन जैसे ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया, आरोपी गिरफ्तारी के डर से वहां से चुपचाप भाग निकला। अस्पताल से गायब होने पर पुलिस का शक गहराया, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
परिजनों का आरोप: एक साल से कर रहा था प्रताड़ित
मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि तुषार (कपिल) पिछले एक साल से प्रिया को परेशान कर रहा था। पूर्व में दोनों ईश्वर नगर इलाके में रहते थे, तभी उनकी पहचान हुई थी। परिजनों का आरोप है कि वह लगातार छात्रा पर दबाव बना रहा था।
चूनाभट्टी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपी के संभावित ठिकानों और उसके गृह नगर खंडवा में दबिश दे रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि ठोस सबूत जुटाए जा सकें। फिलहाल विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।







