
नाले के भीतर से गुजर रही पेयजल लाइन, वहीं से भर रहे लोग पानी
नाला-नालियों से गुजरती जलापूर्ति पर जारी पड़ताल पार्ट–2)
जबलपुर, यश भारत। इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत के बाद प्रदेशभर में नगर निकायों की पेयजल व्यवस्था सवालों के घेरे में है। इसी क्रम में जबलपुर में नाला–नालियों से होकर गुजर रही जलापूर्ति लाइनों को लेकर शुरू हुई पड़ताल के दूसरे भाग में गोहलपुर रद्दी चौकी क्षेत्र की स्थिति बेहद चिंताजनक सामने आई है। यहां नाले के भीतर से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन से न सिर्फ गंदगी के संपर्क में पानी पहुंच रहा है, बल्कि उसी लाइन से लोग खुलेआम पानी भरते भी नजर आ रहे हैं।
गोहलपुर रद्दी चौकी के बीच से गुजरने वाले खुले नाले के अंदर पेयजल की मुख्य लाइन बिछी हुई है। यह लाइन नाले के बिल्कुल बीचोंबीच दिखाई दे रही है, जहां सीवरयुक्त गंदा पानी, प्लास्टिक, कचरा और सड़ांध लगातार बह रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दिनों में या नाला ओवरफ्लो होने की स्थिति में यह पाइपलाइन पूरी तरह पानी में डूब जाती है। ऐसे हालात में यदि पाइपलाइन में कहीं भी सूक्ष्म स्तर पर लीकेज होता है, तो नाले का दूषित पानी सीधे जलापूर्ति में मिलने की पूरी आशंका बनी रहती है।
.jpeg)
सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि इसी पाइपलाइन से कुछ लोगों ने अवैध तरीके से कनेक्शन भी ले रखे हैं। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि नाले के ऊपर झुककर लोग बाल्टियों और डिब्बों में पानी भर रहे हैं। यह दृश्य न केवल पेयजल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि आम नागरिकों की सेहत के साथ खुलेआम हो रहे खिलवाड़ को भी उजागर करता है।
शहर के कई इलाकों से पहले भी गंदा और बदबूदार पानी आने की शिकायतें नगर निगम तक पहुंच चुकी हैं। इसके बावजूद नाले–नालियों से होकर गुजर रही पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों को बदलने को लेकर कोई ठोस निर्णय अब तक नहीं लिया गया। यही कारण है कि शहर में उल्टी-दस्त, पीलिया और टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं।

डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने का एक बड़ा कारण अवैध नल कनेक्शन भी माने जा रहे हैं। कई स्थानों पर लोग निजी प्लंबर बुलाकर पाइप काट देते हैं, जिससे नाले की गंदगी सीधे लाइन में प्रवेश कर जाती है। हालांकि नगर निगम द्वारा समय-समय पर अवैध कनेक्शन हटाने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन यह प्रयास सीमित रह जाते हैं। इंदौर की घटना के बाद भी यदि गोहलपुर रद्दी चौकी जैसे क्षेत्रों में हालात नहीं सुधरे, तो जबलपुर में भी किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इनका कहना है कि सुपरवाइजरों और अमले को निर्देश दिए गए हैं कि जहां-जहां नाले के आसपास इस तरह की स्थिति है, वहां तत्काल साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन में जहां भी लीकेज होगा, उसे दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि गंदा पानी जलापूर्ति में न मिले और लोगों को साफ व सुरक्षित पानी उपलब्ध हो सके।
नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन







