कलेक्टर कार्यालय में लोगों क़ी समस्या का हुआ समाधान, 62 आवेदनों पर हुई सुनवाई

कलेक्टर कार्यालय में लोगों क़ी समस्या का हुआ समाधान, 62 आवेदनों पर हुई सुनवाई
भोपाल, यश भारत । राजधानी भोपाल के कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान अब तक 62 आवेदनों पर सुनवाई की जा चुकी है, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी कर दिया गया।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने राजस्व, बिजली, पानी, सड़क, आवास और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। अधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों में तत्काल निराकरण कर लोगों को राहत भी प्रदान की गई।
इस दौरान कौशलेंद्र विक्रम सिंह स्वयं जनसुनवाई में मौजूद रहे और उन्होंने फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। साथ ही ईला तिवारी, एडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों को संवेदनशीलता के साथ लें और जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत हल किया जाए। वहीं जिन मामलों में विस्तृत जांच या प्रक्रिया की आवश्यकता है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में निपटाने के निर्देश भी दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान कई फरियादियों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया। प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना है, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।







