मुख्यमंत्री ने किसानों के खातों में जमा कराई राहत राशि

मुख्यमंत्री ने किसानों के खातों में जमा कराई राहत राशि
– किसानों से किया संवाद, दिया हर मदद का आश्वासन
भोपाल यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित किसानों को 653.34 करोड़ रुपए की राहत राशि जमा कराई। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद भी किया। सीएम यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार हमेशा प्राथमिकता देती है। 13 जिलों की 52 तहसीलों के 8 लाख 84 हजार 772 किसान अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत राशि जिन जिलों के किसानों को दी गई है उनमें मंदसौर, विदिशा, सिवनी, बड़वानी, नीमच, रतलाम, दमोह, बुरहानपुर, मंडला, उज्जैन, खंडवा और शहडोल शामिल हैं।
सीएम यादव ने कहा कि जो कहा है वह किया है और जो कहते हैं वह करते हैं। 6 जिलों में 322 करोड़ की राशि सोयाबीन फसल प्रभावित किसानों को बांटी गई है। किसानों ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए कहा कि सोयाबीन के पीला मोजेक रोग पर सरकार ने चिंता जताते हुए मदद की है। किसानों का कहना था कि दीवाली के पहले जो मदद मिली है उससे काफी राहत मिली है।







